आजमगढ़ भाग- १ - B27

तमसा नदी के तट पर आजमगढ़ बसा है। आजमगढ़ ' आजम ' गढ़ है , बहु विधि कार्यकलापों का । नगर महान लोगों का संगम है । इसका इतिहास बेजोड़ है । ऐतिहासिक आईने में आजमगढ़ का अक्स देखने के लिए हमें पन्द्रहवीं सदी में जाना होगा । इस कालखंड में फतेहपुर के पास एक गांव में चंद्रसेन सिंह नाम के एक राजपूत थे । उनके दो बेटे सागर सिंह और अभिमन्यु सिंह हुए । इनमें अभिमन्यु मुगल सेना में सिपाही हो गया । उसकी प्रतिभा और योग्यता की चर्चा जहांगीर के दरबार तक जा पहुंची थी । उन्हीं दिनों जौनपुर के पूर्वी क्षेत्रों में कई विद्रोह हुए । इन विद्रोहों पर काबू पाने के लिए सम्राट ने इसे ही लगाया । जहांगीर के प्रेम से अभिभूत होकर अभिमन्यु सिंह इस्लाम कबूल कर दौलत खां हो गये । उन्हें जौनपुर के पूर्वी भागों के 22 परगने देकर जागीरदार बनाया गया , फिर १५०० घुडसवारों का सालार बनाकर मेहनगर राज्य का राजा बना दिया गया । शाहजहां के काल में भी दौलत खां एक सम्माननीय सिपहसालार थे । उनकी मौत कब कहां हुई , इसका कोई भी प्रमाण नहीं मिलता है , पर यह जरूर पता चलता है कि वह निःसंतान थे । उन्होंने अपने भाई सागर सिंह के बड़े बेटे हरिवंश सिंह गौतम को गोद ले लिया । वह भी अपने चाचा से प्रभावित होकर मुसलमान हो गया । नतीजन , १६२९ में उसे दौलत खां की जागीर ही नहीं, राजा की पदवी भी मिल गयी । इसने मेहनगर को अपनी राजधानी बनाया लेकिन इस्लाम कुबूल करने के नाते इसकी पत्नी रत्न ज्योति कुंवर इससे अलग रहने लगी । इन्होंने अपना धर्म नहीं छोड़ा । रानी ने हरवंशपुर कोट से मेहनगर जाने वाले रास्ते पर पड़ने वाले सेतवल गांव में ५२ एकड़ भूमि पर राजा से माफी ली और वर्ष १६२९ में यहीं आ बसी । इसे आज रानी की सराय के नाम से जाना जाता है ।
गम्भीर सिंह , राजा हरिवंश सिंह एवं रानी रतन ज्योति कुंवर के बड़े पुत्र थे । हरिवंश सिंह की मृत्यु के बाद वही मेहनगर के राजा बने । गंभीर सिंह के तीन पुत्र  - विक्रमाजीत सिंह , रुद्र सिंह , एवं नारायण सिंह थे । विक्रमाजीत सिंह अपने पिता की मृत्यु के बाद राजा बने । राजपाट के चक्कर में उन्होंने अपने छोटे भाई रुद्र सिंह की हत्या करवा दी । रुद्र सिंह की विधवा रानी भवानी कुंवर ने न्याय पाने के लिए औरंगजेब के दिल्ली दरबार में फरियाद की । उसकी फरियाद पर विक्रमाजीत को दिल्ली बुलवाकर जेल में डाल दिया गया लेकिन इस्लाम कुबूल करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया । इस्लाम कुबूल करने के चलते उनकी हिन्दू पत्नी ने उनसे नाता तोड़ लिया । बाद में उन्होंने इस्लाम कबूल कर चुके चंदेल राजा की पुत्री से विवाह किया । इनसे दो बेटे - आजम खां और अजमत खां हुए । बाद में विक्रमाजीत और औरंगजेब में ठन गयी । औरंगजेब ने सेना भेजकर विक्रमाजीत को मरवा डाला । १६५० में विक्रमाजीत के छोटे भाई रुद्र सिंह की विधवा रानी भवानी कुंवर की मृत्यु हो गयी । १६६५ तक आजमगढ़ मेहनगर राज्य में पड़ता था लेकिन औरंगजेब के शासनकाल में मेहनगर राज्य दो भागों में हो गया । पश्चिमी भाग आजम खां को मिला ।उन्होंने १६६५ में आजमगढ़ शहर बसाया और इसे ही अपनी राजधानी बनाया । पूर्वी भाग अजमत खां को मिला । अजमत खां ने अजमतगढ़ बसाकर उसे अपनी राजधानी बनाया । आजम खां की युद्ध कला से प्रभावित होकर औरंगजेब ने उसे जयपुर के राजा जयसिंह के साथ दक्षिण में शिवाजी राजे से संधि करने के लिए भेजा । शिवाजी महाराज का दिल्ली में अपमान होने पर राजा आजम खां सम्राट से विद्रोही हो गये । अंततः औरंगजेब ने आजम खां को मरवा दिया ।
अजमत खां ने भी औरंगजेब के खिलाफ बगावत का बिगुल बजा दिया । औरंगजेब ने अजमत खां को सबक सिखाने की नीयत से इलाहाबाद के सूबेदार हिम्मत खां की अगुवाई में सेना भेजी । आजमगढ़ के बड़े पुल के पास दोनों सेनाओं में घमासान हुआ । अजमत खां पराजित हुए । अजमत खां के चार पुत्र - एकराम , मुहब्बन , न्नौबत , सरदार खां थे । अजमत खां ने चारों पुत्रों को साथ लेकर प्राण बचाने के लिए दोहरीघाट के पास घाघरा नदी में छलांग लगाई । चारों बेटे तो नदी के पार पहुँच गये पर अजमत खां की नदी में डूबने से मौत हो गयी । अजमत खां की मौत के बाद उनके बड़े पुत्र एकराम खां राजा बने । उन्होंने अपनी सेना को मजबूत किया । तथा खुद को स्वतंत्र शासक घोषित कर दिया । ईस्ट इंडिया कम्पनी के शासनकाल में वाराणसी व गाजीपुर जिले के कुछ हिस्से को काटकर १८ सितम्बर , १८३२ को आजमगढ़ को जिले का दर्जा प्रदान किया गया ।
-  समय से संवाद 
प्रशांत जे के शर्मा.
।। जय श्री कृष्ण ।।

Comments

Popular posts from this blog

Interview with Prem B231

महामृत्युंजय मंत्र की रचना B232

Shri Neeb karori maharaj Part-2 B229